मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

रांची में बढ़ा डेंगू का खतरा, 29 घरों में मिला लार्वा; स्वास्थ्य विभाग ने तेज किया सर्विलांस अभियान

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को शहर के सात वार्डों में विशेष डेंगू सर्विलांस अभियान चलाया गया, जिसमें घर-घर जाकर जांच की गई। अभियान के दौरान 166 घरों की जांच में 29 घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायरों और अन्य जलजमाव वाले स्थानों की जांच की। कुल 1246 बर्तनों की जांच के दौरान 38 बर्तनों में डेंगू फैलाने वाले मच्छरों का लार्वा पाया गया। अभियान के दौरान संभावित मरीजों की पहचान करने के साथ-साथ लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई।

वार्ड 21, 22 और 23 में सबसे ज्यादा मामले

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वार्ड संख्या 21, 22 और 23 में कुल 76 घरों की जांच की गई। इनमें 16 घरों में डेंगू का लार्वा मिला। इन क्षेत्रों में 680 बर्तनों की जांच के दौरान 25 बर्तनों में लार्वा पाया गया। वहीं वार्ड संख्या 16, 5, 27 और 28 में 90 घरों की जांच की गई, जहां 13 घरों में लार्वा मिला। इन वार्डों में 566 बर्तनों की जांच की गई, जिनमें 13 बर्तनों में मच्छरों के प्रजनन स्थल पाए गए।

लोगों को दी गई सतर्क रहने की सलाह

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित घरों के लोगों को जागरूक करते हुए घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। विभाग ने लोगों से कहा कि कहीं भी पानी जमा न होने दें और मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को समय रहते समाप्त करें। अधिकारियों के अनुसार डेंगू नियंत्रण के लिए शहर के अलग-अलग वार्डों में प्रतिदिन सर्विलांस अभियान चलाया जा रहा है।

सप्ताह में एक दिन मनाएं ‘ड्राई डे’

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सप्ताह में कम से कम एक दिन ‘ड्राई डे’ मनाने की अपील की है। इस दिन कूलर, पानी की टंकी, बाल्टी, गमले और पुराने टायरों में जमा पानी को पूरी तरह खाली करने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा कि डेंगू फैलाने वाले मच्छर साफ पानी में भी पनप सकते हैं, इसलिए घर के भीतर और आसपास दोनों जगह विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है।

लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच

सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, आंखों के पीछे दर्द या त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें। ऐसे लक्षण डेंगू के संकेत हो सकते हैं और समय पर इलाज से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

यह भी पढ़ें : आज DGP के सामने 16 इनामी नक्सली करेंगे सरेंडर, हथियार और 1,562 गोलियां भी सौंपेंगे

डेंगू से बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय

कूलर और पानी की टंकियों में पानी जमा न होने दें। गमलों, पुराने टायरों और खुले बर्तनों में पानी रुकने से बचाएं। सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाकर घर की पूरी सफाई करें। मच्छरदानी और पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़ों का उपयोग करें। बुखार या डेंगू जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment