Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नारायणपुर थाना क्षेत्र के पन्दनी गांव में मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के कारण कमजोर हुई ईंट की दीवार अचानक ढह गई और इसकी चपेट में आने से आठ महीने की गर्भवती महिला की मौत हो गई। हादसे में उसका पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। मृतका की पहचान पन्दनी गांव निवासी शंकर राय की करीब 25 वर्षीय पत्नी लीलावती देवी के रूप में हुई है।
सोते समय दंपति पर गिरी दीवार
बताया गया कि मंगलवार रात करीब 12 बजे शंकर राय और लीलावती देवी अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान घर से सटी कमजोर दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। मलबे में दबने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला।

धनबाद ले जाने के दौरान बिगड़ी हालत
हादसे के बाद घायल दंपति को तत्काल नारायणपुर के एक निजी क्लीनिक में ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, धनबाद ले जाने के दौरान लीलावती की हालत और बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, शंकर राय का इलाज जारी है। परिजनों ने बताया कि लीलावती आठ महीने की गर्भवती थी। परिवार को करीब एक महीने बाद बच्चे के जन्म की उम्मीद थी। हादसे में लीलावती और उसके अजन्मे बच्चे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में ऑटो चालक से मारपीट और हवाई फायरिंग का आरोप, पुलिस को नहीं मिला खोखा
प्रशासन ने शुरू की राहत प्रक्रिया
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नारायणपुर अंचल के राजस्व कर्मचारी मिहिर सोरेन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

