Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा: पशुपतिनाथ मिश्रा ने मंगलवार को गढ़वा जिले के 35वें जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त (डीसी) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। समाहरणालय स्थित डीसी कार्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह में उन्होंने आधिकारिक तौर पर अपना कार्यभार संभाला।इस मौके पर जिला प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने नए उपायुक्त का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
विकास को नई दिशा देने की बात
पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में नए डीसी पशुपतिनाथ मिश्रा ने कहा कि गढ़वा जिले के विकास को नई गति देना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर काम करेगा, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर जरूरतमंदों तक पहुंच सके। नए डीसी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शी और प्रभावी तरीके से लागू करना प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचे।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा के सेंट एंथोनी विद्यालय में 8 दिवसीय समर कैंप संपन्न, बच्चों ने खेल और गतिविधियों में दिखाया उत्साह

शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना पर फोकस
पशुपतिनाथ मिश्रा ने बताया कि जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत संरचना से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अधिक जवाबदेह, संवेदनशील और जनकेंद्रित बनाने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। नए डीसी ने जिले के समग्र विकास के लिए जनसहभागिता को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के सहयोग से ही गढ़वा के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


