Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: सेंट एंथोनी विद्यालय में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित 8 दिवसीय समर कैंप और विशेष कक्षाओं का मंगलवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। पूरे कैंप के दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों की ऊर्जा, रचनात्मकता और सीखने का उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, समर कैंप का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं था, बल्कि विद्यार्थियों का शेष पाठ्यक्रम पूरा कराना और आगामी परीक्षाओं की तैयारी को मजबूत करना भी था।
शिक्षकों और प्रबंधन की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी, निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, प्राचार्य लारेब खान, विजन-ई सेक्रेटरी अपर्णा भंडारीऔर शिक्षकों की उपस्थिति में हुआ था। कैंप की शुरुआत विद्यार्थियों के परिचय और संवाद सत्र से की गई, जिससे बच्चों और शिक्षकों के बीच सकारात्मक माहौल बना। समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने पढ़ाई के साथ-साथ कई खेल और रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया। म्यूजिकल चेयर, रस्साकशी, क्रिकेट और खो-खो जैसी प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि सभी गतिविधियां प्रशिक्षकों की निगरानी में अनुशासित तरीके से आयोजित की गईं।
यह भी पढ़ें: बिहार में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर सियासत तेज, रोहिणी आचार्या ने NDA सरकार को घेरा
कौशल विकास पर दिया गया जोर
मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी ने कहा कि आज के समय में बच्चों के लिए बहुआयामी कौशल विकसित करना बेहद जरूरी है। ऐसे शिविर विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ जीवन के जरूरी गुण सीखने का अवसर देते हैं। निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि समर कैंप विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई और परीक्षा तैयारी का बेहतर मंच साबित हुआ। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए शिक्षकों के योगदान की सराहना की।

विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
समापन समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया। विजेता और उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रतिभागियों को भी सम्मान मिला। इस अवसर पर उप प्राचार्य उत्पल मंडल समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
