रांची के मेन रोड पर कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर गहने और नकदी चोरी, जांच में जुटी पुलिस

Rupa Kumari | June 13, 2026 | 04:16 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार मेन रोड पर शुक्रवार देर रात चोरी की एक घटना सामने आई है। अपराधियों ने जमशेदपुर के एक व्यवसायी की कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा गहनों और नकदी से भरा बैग चोरी कर लिया। घटना उस समय हुई जब कारोबारी अपनी शादी की सालगिरह के लिए केक लेने दुकान के अंदर गए हुए थे।

केक लेने गए, लौटे तो टूटा मिला कार का शीशा

पीड़ित कारोबारी रोहित गुप्ता ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ शादी की सालगिरह मनाने रांची आए थे। देर रात मेन रोड स्थित भारत बेकरी से केक खरीदने के लिए उन्होंने अपनी कार बाहर खड़ी की और दुकान के अंदर चले गए। कुछ देर बाद जब वे वापस लौटे तो कार के दाहिनी ओर का पिछला शीशा टूटा हुआ मिला। कार की सीट पर रखा उनकी पत्नी का हैंडबैग गायब था। बैग में सोने के गहने और नकदी रखी हुई थी।

बैग में थे गहने और नकद राशि

रोहित गुप्ता के अनुसार, चोरी हुए बैग में उनकी पत्नी के सोने के झुमके समेत अन्य आभूषण और करीब पांच हजार रुपये नकद रखे हुए थे। घटना के बाद उन्होंने आसपास के लोगों और दुकानदारों से मदद मांगी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें: सरायकेला-खरसावां में खेत में मिला विशालकाय अजगर, गांव में मचा हड़कंप

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना को लेकर लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। सिटी डीएसपी रमन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है तथा जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद शहर के व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था तथा रात्रि गश्ती को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें