मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

पलामू के बगईया मोड़ पर कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो लोग गंभीर; ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : छतरपुर थाना क्षेत्र के मसीहानी स्थित बगईया मोड़ के पास रविवार सुबह NH-139 फोरलेन पर सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यूपी की ओर से आ रही एक कार की चपेट में बाइक आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की पहचान बगईया निवासी 35 वर्षीय रंजय यादव, पिता फागुनी यादव और 45 वर्षीय जालिम भुइयां, पिता दुखन भुइयां के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद अजय गुप्ता और मसीहानी निवासी रितेश चंद्रा ने दोनों घायलों को तत्काल छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉ. जावेद आलम और उनकी टीम ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। दोनों की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए MMCH मेदिनीनगर रेफर कर दिया।

ग्रामीणों ने बगईया मोड़ को बताया हादसों का हॉटस्पॉट

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने NH-139 पर बगईया मोड़ की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि बगईया मोड़ पर चारमुहान है, लेकिन फोरलेन निर्माण के दौरान यहां अंडरपास या सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था नहीं की गई। ग्रामीणों के दावे के मुताबिक, फोरलेन बनने के बाद से इस स्थान पर 50 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और करीब एक दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। उनका यह भी कहना है कि कई लोग हादसों में गंभीर रूप से घायल होकर स्थायी रूप से दिव्यांग हुए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार हादसों के बावजूद दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अब तक कोई ठोस वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।

सड़क किनारे खड़े ट्रकों से दृश्यता प्रभावित होने का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, बगईया मोड़ के चारमुहान के दोनों छोर पर अक्सर दो लॉरी ट्रक खड़े रहते हैं। इन भारी वाहनों की वजह से बगईया और हाई स्कूल की ओर से हाईवे पर आने वाले लोगों को तेज गति से आ रहे वाहनों का समय पर पता नहीं चल पाता। ग्रामीणों का दावा है कि रविवार सुबह हुए हादसे में भी सड़क किनारे खड़े इन ट्रकों के कारण दृश्यता बाधित होने की बात सामने आई है। उनका कहना है कि ट्रकों को हटाने के लिए चालकों और मालिकों से कई बार आग्रह किया गया और स्थानीय प्रशासन से भी शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

अंडरपास और स्पीड कंट्रोल की मांग

लगातार हादसों को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से बगईया मोड़ का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने यहां अंडरपास, सर्विस रोड, स्पीड कंट्रोल, पर्याप्त रोड साइन और प्रकाश व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने की भी मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बगईया मोड़ पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में दुर्घटना संभावित इस स्थान पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था जल्द सुनिश्चित करने की जरूरत है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment