पाकुड़ में महिला को अर्धनग्न कर गांव में घुमाने का मामला, 5 नामजद समेत 50 से अधिक पर FIR

Meenu | July 1, 2026 | 03:03 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ :पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला को अर्धनग्न कर गांव में घुमाने और उसके कथित प्रेमी के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पीड़िता के बयान पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 49/2026 दर्ज किया गया है। मामले में महिला के पति सहित 5 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। SDPO विजय कुमार ने घटना को बेहद गंभीर और निंदनीय बताते हुए कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: सेवानिवृत्त पारा शिक्षकों को मिलेगी पेंशन, संविदा सेवा भी जोड़ी जाएगी

पति का घर छोड़ प्रेमी के साथ गई थी महिला, गांव लौटने पर दोनों को पकड़कर पीटा

जानकारी के मुताबिक, महिला की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से उसका संपर्क साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र निवासी हंजय टुडू से था, जो पहले से शादीशुदा है। महिला अप्रैल में अपने पति का घर छोड़कर मायके चली गई थी और 18 मई को कथित प्रेमी के साथ दिल्ली चली गई थी। 26 जून की रात दोनों के गांव लौटने की सूचना मिलने पर महिला के पति और कुछ ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। आरोप है कि महिला के कपड़े फाड़कर उसे अर्धनग्न अवस्था में गांव में घुमाया गया। वहीं युवक के साथ भी मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमान किया गया। बताया जा रहा है कि बाद में दोनों को ग्राम प्रधान के घर ले जाकर पंचायत के नाम पर बंधक बनाकर रखा गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद मामला सामने आया। 28 जून को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस गांव पहुंची, लेकिन भारी भीड़ और ग्रामीणों के विरोध के कारण तत्काल दोनों को वहां से नहीं निकाल सकी।

पुलिस ने अगले दिन दोनों को कराया मुक्त

पुलिस ने गांव में कैंप किया और अगले दिन रणनीति बनाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। मेडिकल जांच के बाद पीड़िता का बयान दर्ज किया गया, जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें