बोकारो के ग्वालाडीह गांव में सड़क बनी कीचड़ का दलदल, बारिश में बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी

Rupa Kumari | September 2, 2026 | 03:37 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : जिले में विकास कार्यों को लेकर किए जा रहे दावों के बीच चास प्रखंड के पिंड्राजोरा पंचायत स्थित ग्वालाडीह गांव की बदहाल सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीण लंबे समय से गांव तक पक्की सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में स्थायी पहल नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव तक पहुंचने वाली सड़क की स्थिति बेहद खराब है। बारिश शुरू होते ही पूरी सड़क कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाती है। इससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है और दोपहिया व चारपहिया वाहनों के फिसलने या फंसने का खतरा बना रहता है। सबसे गंभीर स्थिति तब पैदा होती है, जब किसी ग्रामीण को अचानक इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ती है। खराब रास्ते के कारण मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है।

चुनाव के दौरान मिलते हैं आश्वासन, बाद में नहीं होती कार्रवाई

ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों का गांव में आना-जाना बढ़ जाता है। इस दौरान सड़क निर्माण समेत कई विकास कार्यों का भरोसा दिलाया जाता है, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद उनकी समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार सड़क निर्माण की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से संपर्क कर चुके हैं। उन्हें अक्सर फंड उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर वापस कर दिया जाता है। वर्षों से पक्की सड़क का इंतजार कर रहे ग्रामीणों की समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है।

बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ती परेशानी

सड़क की बदहाली का असर गांव के बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्कूल जाने वाले बच्चों को भी कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति सिर्फ आवागमन की समस्या नहीं है, बल्कि यह आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को भी प्रभावित करती है।

यह भी पढ़ें : विश्वविद्यालय-कॉलेजों में शिकायतें नहीं रहेंगी लंबित, निपटारे की समय-सीमा तय; उल्लंघन पर जुर्माना

जल्द पक्की सड़क बनाने की मांग

ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान होने से गांव के लोगों को राहत मिलेगी और बारिश के मौसम में आवागमन भी सुगम हो सकेगा।

Share this news

संबंधित खबरें