लातेहार में एसपी का थाने में औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे और गश्ती बढ़ाने का निर्देश

Meenu | August 21, 2026 | 01:52 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,लातेहार : जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से एसपी कुमार गौरव ने हेरहंज थाना का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए निरीक्षण के बाद थाना परिसर में पुलिसकर्मियों की सक्रियता बढ़ी रही। एसपी ने इस दौरान पुलिस अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना के विभिन्न दस्तावेजों और रजिस्टरों की बारीकी से जांच की। उन्होंने दर्ज मामलों, सिरिस्ता और दैनिकी की स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने पुराने और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश देते हुए कहा कि अनुसंधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामलों की जांच में तेजी लाने और लंबित कांडों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

यह भी पढ़ें : इरफान अंसारी ने खड़गे को सौंपी JPSC-JSSC आंदोलन की रिपोर्ट, हेमंत सरकार को मिली बधाई

रात्रि गश्ती और एंटी क्राइम चेकिंग बढ़ाने का निर्देश

क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी ने रात्रि गश्ती और सघन एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने को कहा, ताकि असामाजिक तत्वों और अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी तरीके से नजर रखी जा सके।

फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने की हिदायत

एसपी कुमार गौरव ने थाना पहुंचने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील और विनम्र व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और जरूरत पड़ने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे स्थानीय लोगों से एसपी ने स्वयं मुलाकात की। उन्होंने उनकी शिकायतें सुनीं और मौके पर मौजूद संबंधित पुलिस अधिकारियों को समस्याओं के जल्द समाधान का निर्देश दिया।

थाना परिसर की सुरक्षा और साफ-सफाई का भी जायजा

दौरे के अंत में एसपी ने थाना परिसर की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही परिसर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूरी निष्ठा, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने की अपील की। एसपी ने स्पष्ट किया कि बेहतर पुलिसिंग के लिए अपराध नियंत्रण के साथ आम लोगों का विश्वास बनाए रखना भी जरूरी है।

Share this news

संबंधित खबरें