Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के दामोदर गांव में हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल ललिता देवी की शुक्रवार तड़के रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार और गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल हुई ललिता देवी का रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाज चल रहा था। गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
अनियंत्रित स्कॉर्पियो घर में घुस गई थी
बताया जाता है कि बीते रविवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दामोदर गांव में एक घर में जा घुसी थी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन चालक अरविंद कुमार और घर में मौजूद राखी गिरी की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, चालक की पत्नी खुशबू देवी और ललिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। दोनों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस हादसे में घायल खुशबू देवी की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बताया गया कि वह गर्भवती थीं। उनकी मौत के साथ गर्भ में पल रहे शिशु की भी जान चली गई। अब ललिता देवी के निधन के बाद इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या चार पहुंच गई है।

यह भी पढ़ें : जमशेदपुर: डिमना लेक में डूबने से MGM मेडिकल कॉलेज के दो जूनियर डॉक्टरों की मौत, रेस्क्यू के बाद मिले शव
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
लगातार हो रही मौतों से पीड़ित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम का माहौल है और स्थानीय लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने तथा ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

