जमशेदपुर: डिमना लेक में डूबने से MGM मेडिकल कॉलेज के दो जूनियर डॉक्टरों की मौत, रेस्क्यू के बाद मिले शव

Rupa Kumari | July 24, 2026 | 10:43 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डिमना लेक में एक दर्दनाक हादसे में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज और शहर में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान समीर और सक्षम के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात एमजीएम मेडिकल कॉलेज के तीन जूनियर डॉक्टर डिमना लेक घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान दो डॉक्टर पानी में उतर गए और गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण डूबने लगे। उनके साथ मौजूद तीसरे साथी ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। घटना के बाद उसने स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सुबह शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन रात में अंधेरा होने के कारण तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका। शुक्रवार सुबह पुलिस, स्थानीय गोताखोरों, एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से खोज अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों डॉक्टरों के शव पानी से बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के समय मौजूद तीसरे डॉक्टर से पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे की परिस्थितियों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दो युवा डॉक्टरों की असामयिक मौत की खबर से एमजीएम मेडिकल कॉलेज के छात्र, चिकित्सक और कर्मचारी स्तब्ध हैं। सहपाठियों और शिक्षकों ने दोनों को श्रद्धांजलि दी और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

यह भी पढ़ें : JPSC जांच का दायरा बढ़ा: पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते की विदेश यात्राओं की होगी जांच, CID ने TDPL से मांगा खर्च का ब्योरा

डिमना लेक में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद डिमना लेक में पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और निगरानी की व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

https://samacharpost.live/scope-of-jpsc-investigation-increased-foreign-trips-of-former-president-l-khiangte-will-be-investigated/
Share this news

संबंधित खबरें