Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : जिला समन्वय समिति की अनुपालन बैठक में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी उत्कर्ष गुप्ता ने विभिन्न विभागों के लंबित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए। बैठक में पाइपलाइन परियोजना, सड़क निर्माण, भू-अर्जन, आंगनबाड़ी भवन, शहरी जलापूर्ति और SIR से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
पाइपलाइन और जलापूर्ति योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में गरचांच–मंडरिया पाइपलाइन परियोजना और शहरी जलापूर्ति योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को पाइपलाइन बिछाने में आ रही बाधाओं का शीघ्र समाधान कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही पेयजल योजनाओं से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।
सड़क निर्माण और भू-अर्जन के लंबित मामलों पर जोर
डीसी ने पथ चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और बगडो–महेशपुर सड़क परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने एनएचएआई से जुड़े भूमि अधिग्रहण मामलों में त्रुटियों का जल्द निराकरण कर आवश्यक अधियाचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा राजस्व एवं भूमि संबंधी लंबित मामलों का भी शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
आंगनबाड़ी भवन और शौचालय कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण पूरा हो चुका है, उन्हें संबंधित विभाग को जल्द हैंडओवर किया जाए। निर्माणाधीन नए केंद्रों और शौचालय मरम्मत कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया।
SIR और बच्चों के आधार कैंप की भी हुई समीक्षा
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची सत्यापन कार्य की समीक्षा की गई। सभी अंचल अधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को शेष कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए चल रहे विशेष कैंपों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की नियमित मॉनिटरिंग करने और विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने पर विशेष बल दिया।





















