JSSC-CGL सफल अभ्यर्थियों का प्रोजेक्ट भवन के बाहर धरना, बोले- न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा

Rupa Kumari | August 19, 2026 | 12:18 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा से सफल होकर नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों ने सरकार के हालिया फैसले के विरोध में प्रोजेक्ट भवन के बाहर धरना शुरू कर दिया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि उनका पक्ष सुने बिना लिए गए फैसले ने उनके भविष्य को संकट में डाल दिया है। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी धरना स्थल पर डटे हुए हैं। हाथों में छाते लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए न्याय की मांग कर रहे हैं।

हमारा पक्ष सुने बिना फैसला लिया गया

धरनारत अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार ने उनकी बात सुने बिना कठोर निर्णय लिया है। उनका आरोप है कि जिन उम्मीदवारों ने वैध प्रक्रिया के तहत परीक्षा पास कर नौकरी हासिल की, उन्हें भी अब अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। अभ्यर्थियों ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे।

केंद्र की नौकरी छोड़कर झारखंड आए थे

प्रदर्शन कर रहे कई अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने केंद्र सरकार और अन्य संस्थानों की नौकरियां छोड़कर झारखंड में सेवा करने का निर्णय लिया था। अब भर्ती प्रक्रिया और नियुक्तियों पर उठे सवालों के कारण उनके सामने रोजगार और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। एक अभ्यर्थी ने कहा, कल तक हम सचिवालय कर्मी थे, आज सड़क पर खड़े हैं।

फैसले के खिलाफ बढ़ रहा विरोध

अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि भर्ती प्रक्रिया में किसी स्तर पर अनियमितता की आशंका है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, लेकिन बिना दोषी और निर्दोष उम्मीदवारों के बीच अंतर किए सभी को प्रभावित करना उचित नहीं है। धरनारत अभ्यर्थियों ने सरकार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने और सफल उम्मीदवारों का पक्ष सुनने की मांग की है।

यह भी पढ़ें : गुमला में 12 दिनों से लापता है 18 वर्षीय छात्र, स्कूल से छुट्टी लेकर निकला था घर

प्रोजेक्ट भवन के बाहर तनावपूर्ण माहौल

बारिश के बीच जारी प्रदर्शन के कारण प्रोजेक्ट भवन के बाहर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल अभ्यर्थियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Share this news

संबंधित खबरें