Samachar Post रिपोर्टर, रांची : JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में विधानसभा घेराव कर रहे छात्रों के प्रदर्शन के दौरान सोमवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच विवाद के दौरान पथराव की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने पुलिस बल की ओर पत्थर और जूते-चप्पल फेंके। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पथराव की घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस बल लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है।
यह भी पढ़ें : विधानसभा घेराव में दिखे अनोखे नजारे, कोई स्ट्रेचर पर पहुंचा तो कोई भालू के वेश में नजर आया
विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश
प्रदर्शनकारी छात्र लगातार बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, पुलिस उन्हें आगे बढ़ने से रोकने में जुटी है। इससे पहले प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से हल्का बल प्रयोग और वाटर कैनन के इस्तेमाल की भी जानकारी सामने आई थी।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को देखते हुए जगन्नाथपुर मंदिर और विधानसभा की ओर जाने वाले मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से लगातार प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है।




















