Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 जुलाई को रांची, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। प्रशासन को भी संभावित मौसमीय प्रभावों को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रांची समेत कई जिलों में जारी है बारिश
राजधानी रांची सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार को रांची में दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में गोड्डा जिले में सबसे अधिक 44.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो दिनों तक रांची के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद आगामी तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। बारिश और बादलों की मौजूदगी के कारण फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है।

कई जिलों में सामान्य से कम वर्षा
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 9 जुलाई तक रांची में 251.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि का सामान्य वर्षापात 284 मिलीमीटर है। इस आधार पर राजधानी में वर्षा की स्थिति लगभग सामान्य मानी जा रही है। हालांकि राज्य के कई जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है। चतरा में अब तक 55 मिलीमीटर, गढ़वा में 49.8 मिलीमीटर और गोड्डा में 83.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य आंकड़ों से कम है।
यह भी पढ़ें: बोकारो में आज तीन घंटे बंद रहेगी बिजली आपूर्ति, सीटीपीएस फुदनीडीह फीडर में होगा मेंटेनेंस कार्य
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वज्रपात और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। राज्य में अगले कुछ दिनों तक मानसूनी गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

