झारखंड में 30 अगस्त से 2 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी, कई जिलों में येलो अलर्ट

Rupa Kumari | August 29, 2025 | 01:12 PM IST
  • मौसम विभाग ने दी लोगों को सतर्क रहने की सलाह, अब तक 29% ज्यादा बरसात दर्ज

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने 30 अगस्त से 2 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में रांची समेत कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई, जिससे मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी थी। वहीं, शुक्रवार को दिनभर धूप खिलने की उम्मीद है, लेकिन शाम तक हल्की बारिश से मौसम ठंडा हो सकता है।

बंगाल की खाड़ी का असर

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण झारखंड में मौसम बदल रहा है। 2 सितंबर तक लगातार बारिश से जलभराव और यातायात बाधित होने की स्थिति बन सकती है। साथ ही, अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

अब तक की बरसात का हाल

  • 1 जून से 28 अगस्त तक झारखंड में 1007.4 मिमी बारिश हो चुकी है।
  • यह सामान्य 778.3 मिमी की तुलना में 29% अधिक है।
  • रांची में 1280.6 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 61% ज्यादा है।
  • हालांकि, देवघर, गढ़वा, गोड्डा और पाकुड़ में बारिश सामान्य से कम रही।

यह भी पढ़ें : 9 करोड़ बकाया मामले में तुलि माइनिंग पर प्राथमिकी के 9 माह बीते, CID ने नहीं की कार्रवाई

कहां-कहां अलर्ट?

30 और 31 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट। रांची, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, लोहरदगा, पलामू, चतरा, लातेहार, गढ़वा और गुमला। वहीं, गोड्डा, दुमका, साहिबगंज, पाकुड़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी।

पिछले 24 घंटे का मौसम

  • सबसे ज्यादा बारिश : 42.2 मिमी, महेशपुर (पाकुड़)
  • सबसे अधिक तापमान : 35.5 डिग्री सेल्सियस, गोड्डा
  • सबसे कम तापमान : 20.5 डिग्री सेल्सियस, लातेहार

मौसम विभाग की अपील

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों पर खड़े न होने की सलाह दी है।

Share this news

संबंधित खबरें