Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। कई जिलों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
आज इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 20 जुलाई को हजारीबाग, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, चतरा और लातेहार जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 21 जुलाई को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा होने का अनुमान है। विभाग का कहना है कि 22 से 25 जुलाई के बीच भी राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।
वज्रपात और हादसों में पांच लोगों की मौत
रविवार को राज्य में वज्रपात और अन्य हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। सरायकेला के नुवागोड़ा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से रोशनी सुरीन और सोनू सरदार (32) की मौत हो गई। वहीं चंपुआ थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गांव में किसान मोहन चरण गिरि (55) की भी वज्रपात की चपेट में आने से जान चली गई। उधर, बोकारो जिले के गोमिया स्थित तेनुघाट डैम में मछली पकड़ने गए संतोष केवट उर्फ डमडम केवट (34) की डूबने से मौत हो गई। गुमला जिले के सिसई क्षेत्र में भी आकाशीय बिजली गिरने से जयंती देवी (56) की मौत हो गई।
24 घंटे में कई इलाकों में अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। सबसे अधिक 76.8 मिमी बारिश धनबाद के राजदह में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हेंदेगिर में 67.2 मिमी, नवाडीह में 67 मिमी, चाईबासा के जगन्नाथपुर में 65 मिमी, पुटकी में 57.2 मिमी और राजधनवार में 48.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी रांची में रविवार दोपहर करीब दो घंटे तक लगातार बारिश हुई। तेज बारिश के कारण कांके रोड, कांके, रातू रोड और बरियातू समेत कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। वहीं मेन रोड, धुर्वा और डोरंडा सहित शहर के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई।

1 जून से अब तक कितनी हुई बारिश
1 जून से अब तक राज्य के प्रमुख शहरों में दर्ज वर्षा इस प्रकार है रांची में 421.6 मिमी, चाईबासा में 358.9 मिमी, जमशेदपुर में 328.8 मिमी, डाल्टनगंज में 313.9 मिमी, बोकारो में 242.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। लोगों को वज्रपात, तेज हवा और भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Reporter | Samachar Post

