Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव में 22 फरवरी को हुए दिनदहाड़े हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य साजिशकर्ता जमरूद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो घटना के बाद से करीब तीन महीने से फरार चल रहा था। इस मामले में इससे पहले पुलिस पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
यह भी पढ़ें :ममता बनर्जी की सेक्युलर छवि झूठी, मुस्लिमों को बनाया वोट बैंक- ओवैसी

गुप्त सूचना पर घर से दबोचा
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागोरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक मोबाइल फोन और काले रंग की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार जमरूद्दीन अंसारी का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है और जामताड़ा के चर्चित साइबर अपराधों में भी उसका नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि उसने साइबर ठगी के जरिए संपत्ति भी अर्जित की थी।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस पिछले तीन महीनों से आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। अब गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के पीछे की पूरी साजिश और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का खुलासा किया जा सके।



















