Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले में एक शादी समारोह के दौरान 14 वर्षीय किशोरी के अचानक लापता हो जाने से हड़कंप मच गया है। परिजनों ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर जामताड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, किशोरी 7 जुलाई की शाम अपने परिवार के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने सतशाल गांव गई थी। रात में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब परिवार घर लौटने की तैयारी कर रहा था, तभी किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
परिजनों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि जामताड़ा थाना क्षेत्र के भरचंडीह गांव निवासी झूलन दास किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिवार का दावा है कि युवक ने शादी का झांसा देकर किशोरी को अपने प्रभाव में लिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब परिजन आरोपी के रिश्तेदारों से जानकारी लेने पहुंचे तो उन्हें धमकाया गया। आरोपी के एक रिश्तेदार पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने और भय का माहौल बनाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और किशोरी की सुरक्षित बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें: दशम फॉल में महिलाओं से बदसलूकी पर भड़के बाबूलाल मरांडी, पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर उठाए सवाल
पुलिस ने लोगों से मांगी मदद
जांच में जुटी पुलिस ने कहा है कि किशोरी की तलाश प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि किशोरी या मामले से संबंधित कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किशोरी की बरामदगी और मामले की सच्चाई सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

