Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करमाटाँड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा गांव के पास पुलिस ने छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि तेतुलबंधा गांव के समीप सुनसान इलाके में कुछ लोग ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धरूवाडीह गांव निवासी महेन्द्र कुमार मंडल (28), टिंकु कुमार मंडल (26) और विकास कुमार मंडल (24) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से सात मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड जब्त किए।
फर्जी कस्टमर केयर नंबर से फंसाते थे लोग
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी बैंक ऑफ बड़ौदा समेत विभिन्न बैंकों के ग्राहकों को फोन कर क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देते थे। इसके अलावा वे गूगल पर बैंकों और कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। जब कोई व्यक्ति सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क करता था, तो उसे एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा जाता था। फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल डिवाइस का नियंत्रण साइबर अपराधियों के हाथ में पहुंच जाता था। इसके बाद वे बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।

मुख्य आरोपी पहले भी रहा है शामिल
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी महेन्द्र कुमार मंडल का नाम पहले भी साइबर अपराध के एक मामले में सामने आ चुका है। उसके खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 62/21 में आरोप पत्र भी दाखिल किया जा चुका है। जामताड़ा पुलिस ने बताया कि जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जनवरी 2026 से अब तक कुल 75 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
यह भी पढ़ें: अरगोड़ा की FL-15 शराब दुकान को लेकर विवाद, व्यापारी संघ ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई
छापेमारी टीम में शामिल थे ये अधिकारी
इस अभियान में साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल, इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार, अमृत कुमार राम समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

