मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

जामताड़ा में मवेशी चोरी कर भाग रही बोलेरो पलटी, 2 युवकों और 3 बैलों की मौत

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में देर रात एक बोलेरो के पलटने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसा करमाटांड़-मदनकट्टा मार्ग पर शहरजोरी के पास हुआ। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बोलेरो में मवेशियों को लादकर ले जाया जा रहा था। हादसे में वाहन में मौजूद पांच मवेशियों में से तीन बैलों की भी मौत हो गई, जबकि दो मवेशी गंभीर रूप से घायल हैं।

पुलिस वाहन की रोशनी देखकर घबराया चालक

घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। करमाटांड़ थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे के अनुसार, पुलिस टीम इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस वाहन की रोशनी देखकर बोलेरो चालक घबरा गया। बताया गया कि चालक ने तेज रफ्तार में वाहन को पीछे मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। दोनों को तत्काल जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चिरुडीह गांव के रहने वाले थे दोनों युवक

मृतकों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के चिरुडीह गांव निवासी अशरफ अंसारी (35) और रफीक अंसारी (40) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पहले लकड़ी काटने का काम करते थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद दोनों के परिजन अस्पताल पहुंचे। परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के मुताबिक, अशरफ अंसारी के पीछे दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनकी एक बेटी की शादी अगले वर्ष तय होने की बात भी सामने आई है।

बिंदापाथर इलाके से मवेशी चोरी का आरोप

थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों युवक बिंदापाथर थाना क्षेत्र के चिहुटिया और गैरया गांव से मवेशियों को लेकर भाग रहे थे। मवेशी मालिकों को घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment