जामताड़ा में दिनदहाड़े बाइक चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात; सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Meenu | August 24, 2026 | 12:56 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच सोमवार को दिनदहाड़े बाइक चोरी का मामला सामने आया है। कलझरिया मोड़ के पास खड़ी लाल रंग की मोटरसाइकिल को एक युवक लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक लाल रंग की बाइक लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज के अनुसार, युवक ने काले रंग की शर्ट और पैंट पहन रखी थी। घटना से जुड़ी एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही है।

यह भी पढ़ें : 337 गिरफ्तारियां फिर भी 2,379 केस पेंडिंग, झारखंड में साइबर पुलिसिंग पर उठे सवाल

लगातार चोरी से लोगों में चिंता

कर्माटांड़ क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक बाइक चोरी के संबंध में कर्माटांड़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर सकती है।

Share this news

संबंधित खबरें