Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : बेटी की शादी के लिए पैसे जुटाने और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की उम्मीद में तमिलनाडु गए जामताड़ा के 45 वर्षीय बबलू रावत पिछले सात दिनों से लापता हैं। परिजनों के मुताबिक, वह कोयंबटूर रेलवे स्टेशन से अचानक लापता हो गए। काफी तलाश के बावजूद अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बबलू रावत जामताड़ा थाना क्षेत्र के फागुडीह गांव के रहने वाले हैं। उनके लापता होने के बाद पत्नी, बेटी और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने अब झारखंड सरकार और जामताड़ा जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें : शैक्षणिक प्रमाणपत्र विवाद में लक्ष्मी सिंह को हाईकोर्ट का नोटिस, योग्यता पर उठे सवाल
बेटी की शादी के लिए तमिलनाडु गए थे बबलू
परिजनों के मुताबिक, बबलू रावत की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उनके परिवार में पत्नी दीपा देवी, बेटी कल्पना कुमारी और बेटा सौरभ कुमार हैं। बेटी की शादी के लिए परिवार को पैसों की जरूरत थी। परिवार का कहना है कि शादी का खर्च जुटाने के लिए बबलू के बेटे सौरभ ने करीब चार महीने पहले पढ़ाई छोड़कर बेंगलुरु में काम करना शुरू किया था। उसकी कमाई से शादी का खर्च पूरा करना मुश्किल था। इसी वजह से बबलू भी काम की तलाश में तमिलनाडु जाने के लिए निकले थे। हालांकि, परिजनों के अनुसार तमिलनाडु पहुंचने के बाद काम शुरू करने से पहले ही वह कोयंबटूर रेलवे स्टेशन से लापता हो गए।

सात दिन से तलाश, नहीं मिला कोई सुराग
बबलू के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद परिवार और रिश्तेदारों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की। रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने की कोशिश की गई, लेकिन अभी तक उनके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। परिजनों का आरोप है कि स्थानीय स्तर पर पुलिस से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। लगातार सात दिनों से बबलू का पता नहीं चलने के बाद उनकी पत्नी दीपा देवी और बेटी कल्पना कुमारी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मदद की अपील की है। परिवार चाहता है कि झारखंड सरकार तमिलनाडु पुलिस और संबंधित प्रशासन से समन्वय कर बबलू रावत की तलाश तेज कराए और उन्हें सुरक्षित घर वापस लाने में मदद करे।
गांव में भी चिंता का माहौल
बबलू के लापता होने की खबर के बाद फागुडीह गांव में भी चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले में तेजी से पहल करने की मांग की है। परिवार की सबसे बड़ी चिंता यह है कि बेटी की शादी के लिए घर से निकले बबलू का सात दिनों से कोई पता नहीं है। परिजन लगातार उनके सकुशल वापस लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Reporter | Samachar Post


