जामताड़ा में NH-19 पर नाइट गार्ड को गोली मारी, हथियारबंद बदमाशों ने बैग लूटने की कोशिश

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास देर रात हथियारबंद बदमाशों ने बाइक से ड्यूटी पर जा रहे एक नाइट गार्ड को रोककर गोली मार दी। घटना में 43 वर्षीय हरीदास लायक के पैर में गोली लगी है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हरीदास लायक सालानपुर ब्लॉक की अल्लाडी पंचायत के धागुड़ी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, वह रोज की तरह बाइक से आसनसोल स्थित श्रीहरि ग्लोबल स्कूल में रात्रि ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान NH-19 पर DPS के पास तीन नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और बैग छीनने की कोशिश की।

यह भी पढ़ें : धनबाद में बुजुर्ग महिला से मारपीट के आरोप पर बवाल, CISF-ECL के 3 वाहनों में तोड़फोड़

विरोध करने पर बदमाशों ने की फायरिंग

बताया गया कि हरीदास लायक ने जब बदमाशों का विरोध किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर दो राउंड फायरिंग कर दी। इनमें से एक गोली उनके पैर में लगी। गोली लगने के बावजूद हरीदास ने हिम्मत दिखाई और मोबाइल फोन से बदमाशों का वीडियो बनाने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हरीदास लायक को इलाज के लिए ESI अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल से एक कारतूस का खोखा बरामद किया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में नाकाबंदी कर जांच तेज कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार, DC वेस्ट साना अख्तर और DC सेंट्रल ध्रुव दास समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच की जानकारी ली। NH-19 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात हथियारबंद बदमाशों द्वारा नाइट गार्ड को रोककर गोली मारने की घटना से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खासकर रात की शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

संबंधित खबरें