Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों से कोलकाता, कानपुर सेंट्रल, आगरा कैंट और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। ये विशेष ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में अक्टूबर से नवंबर के बीच चलेंगी। इनमें आसनसोल मंडल के कई प्रमुख स्टेशनों पर भी ठहराव दिया गया है।
कानपुर सेंट्रल-कोलकाता स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 04157 कानपुर सेंट्रल-कोलकाता स्पेशल 6 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। इसके कुल 8 फेरे होंगे। ट्रेन कानपुर सेंट्रल से सुबह 8 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04158 कोलकाता-कानपुर सेंट्रल स्पेशल 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह कोलकाता से सुबह 7:25 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 1:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव आसनसोल मंडल के दुर्गापुर और आसनसोल स्टेशनों पर होगा। इसमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और एसी कोच उपलब्ध रहेंगे।
आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल का भी होगा परिचालन
ट्रेन संख्या 01911 आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल 1 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। इसके 9 फेरे निर्धारित किए गए हैं। ट्रेन आगरा कैंट से तड़के 3:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01912 कोलकाता-आगरा कैंट स्पेशल 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन कोलकाता से सुबह 7:25 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव दुर्गापुर और आसनसोल स्टेशनों पर होगा। ट्रेन में सामान्य, स्लीपर और एसी श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

झांसी-आसनसोल स्पेशल के 16 फेरे
ट्रेन संख्या 04185 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आसनसोल स्पेशल 7 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार और रविवार को चलेगी। इसके कुल 16 फेरे होंगे। यह ट्रेन झांसी से सुबह 9:20 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2:45 बजे आसनसोल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04186 आसनसोल-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्पेशल 8 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और सोमवार को चलेगी। आसनसोल से यह ट्रेन शाम 5:10 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 7:10 बजे झांसी पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव आसनसोल मंडल के चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर होगा। इसमें सामान्य, सेकंड सिटिंग, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा रहेगी।
यह भी पढ़ें : गिरिडीह में Voter List से 50 नाम हटाने की कोशिश का आरोप, ग्रामीणों ने 2 युवकों को पकड़ा; CO ने दिए जांच के आदेश
त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी राहत
त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेगा। इससे घर लौटने वाले यात्रियों को टिकट उपलब्धता में कुछ राहत मिलने और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होने की उम्मीद है। यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन का ताजा समय-सारणी और परिचालन स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यम से जांच लेने की सलाह दी जाती है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


