जमशेदपुर मर्डर केस का खुलासा: लिव-इन पार्टनर पर महिला की हत्या का आरोप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Meenu | August 2, 2026 | 02:27 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह गौशाला के पीछे कैनाल से 26 जुलाई को मिले महिला के शव मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की मौत डूबने से नहीं, बल्कि कथित रूप से गला दबाकर हत्या किए जाने से हुई थी। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, पूछताछ और फॉरेंसिक जांच के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया। मामले में पुलिस ने मृतका के लिव-इन पार्टनर दशमत बास्के को गिरफ्तार किया है।

यह भी पढ़ें : गिरिडीह में उसरी नदी बचाने की मुहिम तेज, फैक्ट्री को पानी देने के प्रस्ताव के विरोध में ग्रामीणों ने बनाई मानव श्रृंखला

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बदली जांच की दिशा

शुरुआती जांच में मामला पानी में डूबने से हुई मौत का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को हत्या की आशंका हुई। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।

कैनाल के पास बुलाने का आरोप

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि किरण देवी उस पर शादी करने का दबाव बना रही थीं, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी ने एक परिचित के माध्यम से किरण देवी को कैनाल के पास बुलाया। पुलिस के मुताबिक, वहां दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने कथित रूप से उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया था। आरोपी की निशानदेही पर महिला के कपड़े भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मृतका के घर से निकलने का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा, जिससे जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिली। इसके अलावा मृतका के संपर्कों और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की भी जांच की गई।

वर्ष 2018 से लिव-इन रिलेशनशिप में थी महिला

पुलिस के अनुसार, आरोपी दशमत बास्के तीन बच्चों का पिता है और वर्ष 2018 से किरण देवी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। परिजनों के मुताबिक, 26 जुलाई की सुबह करीब 4:30 बजे किरण देवी बिना किसी को बताए घर से निकली थीं। वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई थीं। उसी दिन उनके छोटे भाई के सगाई समारोह की तैयारी भी चल रही थी। कुछ घंटों बाद कैनाल से उनका शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में हत्या की पुष्टि के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें