MGM से डिमना लेक तक एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव, विधायक सरयू राय ने सरकार से मांगी मंजूरी

Meenu | August 2, 2026 | 03:22 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : शहर में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क सुरक्षा को देखते हुए जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले तक एलिवेटेड रोड (ऊपरी पथ) बनाने का प्रस्ताव राज्य सरकार के सामने रखा है। विधायक ने इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के सचिव और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर परियोजना को मंजूरी देने की मांग की है।

यह भी पढ़ें : पोटका विधायक संजीव सरदार की पहल, 17 स्कूलों के अपग्रेडेशन का प्रस्ताव; ग्रामीण छात्रों को मिलेगा लाभ

वन क्षेत्र के कारण सड़क चौड़ीकरण में परेशानी

सरयू राय ने कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क का बड़ा हिस्सा दलमा वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र से होकर गुजरता है। वन क्षेत्र से जुड़े नियमों के कारण इस सड़क का सामान्य तरीके से चौड़ीकरण करना चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए एलिवेटेड रोड निर्माण एक बेहतर विकल्प हो सकता है।

डिमना चौक से MGM तक फोरलेन योजना को मंजूरी

विधायक ने बताया कि डिमना चौक से एमजीएम मेडिकल कॉलेज तक फोरलेन सड़क निर्माण की योजना पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। इसके लिए डीपीआर में आवश्यक संशोधन और टाटा स्टील से एनओसी मिलने के बाद काम शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, एमजीएम के आगे डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क अपेक्षाकृत संकरी है, जहां ट्रैफिक दबाव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

पर्यटन और यातायात दोनों को मिलेगा लाभ

सरयू राय ने कहा कि डिमना लेक अब जमशेदपुर का प्रमुख पर्यटन स्थल बन चुका है, जिसके कारण इस मार्ग पर वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि एनएच-33 की तर्ज पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले तक एलिवेटेड रोड का निर्माण कराया जाए, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।

पटमदा, बोड़ाम और पुरुलिया जाने वालों को राहत

विधायक के अनुसार, एलिवेटेड रोड बनने से पटमदा, बोड़ाम और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा डिमना लेक आने वाले पर्यटकों और पुरुलिया की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर भी सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को लेकर पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से चर्चा हुई है। अधिकारियों के अनुसार परियोजना में बड़ी तकनीकी बाधा नहीं है और आवश्यक अनुमति मिलने के बाद इसे आगे बढ़ाया जा सकता है।

Share this news

संबंधित खबरें