Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखा है। उन्होंने पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और देर रात तक पंडालों में आने-जाने वाले लोगों को देखते हुए सुरक्षा, सफाई, यातायात, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त करने की मांग की है।विधायक ने जिला प्रशासन, नगर निकाय, पुलिस-प्रशासन, टाटा स्टील और अन्य संबंधित संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय के साथ तैयारियां पूरी कराने का आग्रह किया है।
पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर सफाई की मांग
पूर्णिमा साहू ने प्रमुख पूजा पंडालों, मंदिरों, बाजारों और संपर्क मार्गों पर नियमित साफ-सफाई कराने को कहा है। जलजमाव वाले इलाकों और नालियों के आसपास एंटी लार्वा केमिकल व ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव के साथ पंडालों के पास गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने का सुझाव दिया है। उन्होंने पूजा पंडालों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों और चौराहों के गड्ढों की तत्काल मरम्मत, विशेष ट्रैफिक रूट प्लान तैयार करने और पार्किंग व नो-एंट्री की समय-सारणी पहले से सार्वजनिक करने की मांग की। भीड़भाड़ वाले और संकरे स्थानों पर बैरिकेडिंग तथा प्रमुख चौराहों और मार्गों पर CCTV से निगरानी की व्यवस्था करने को भी कहा है।
बिजली, पेयजल और मेडिकल सुविधाओं पर जोर
विधायक ने खुले नालों और मेनहोल को मजबूत ढक्कन से ढकने, गाद की सफाई और जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग की। पूजा मार्गों पर जर्जर या लटकते बिजली के तारों को ठीक करने, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था करने की बात कही। अधिक विद्युत भार वाले संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर और बैकअप की व्यवस्था का भी सुझाव दिया गया है। इसके अलावा प्रमुख पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में शुद्ध पेयजल, चलंत शौचालय और 24 घंटे अस्थायी मेडिकल कैंप उपलब्ध कराने की मांग की गई है। मेडिकल कैंप में डॉक्टर, जरूरी दवाइयां और एंबुलेंस की व्यवस्था रखने तथा संवेदनशील पूजा मार्गों पर अग्निशमन वाहनों की अग्रिम तैनाती का भी आग्रह किया गया है।
विसर्जन घाटों पर गोताखोर और ड्रोन से निगरानी
विसर्जन को लेकर विधायक ने प्रमुख नदी घाटों की सफाई, समतलीकरण, पर्याप्त रोशनी और मजबूत बैरिकेडिंग कराने की मांग की है। उन्होंने घाटों पर गोताखोर, जीवनरक्षक नौकाएं, CCTV कैमरे और ड्रोन के जरिए निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। पूर्णिमा साहू ने जिला प्रशासन से सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं को आवश्यक निर्देश जारी कर तैयारियों की समयबद्ध समीक्षा करने का आग्रह किया है। पत्र की प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, धालभूम एसडीओ, विद्युत विभाग, जेएनएसी, सिविल सर्जन और टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों को भी भेजी गई है।






















