मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में जमशेदपुर बंद का व्यापक असर, बाजार और पेट्रोल पंप बंद

--Advertisment--

  • NDA समर्थित बंद के बीच शहर हाई अलर्ट पर, 49 संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात; बस सेवा भी रही प्रभावित

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : बढ़ते अपराध और हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भाजपा और एनडीए द्वारा शुक्रवार को बुलाए गए जमशेदपुर बंद का शहर में व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और कई पेट्रोल पंप बंद रहे। साकची, गोलमुरी, बर्मामाइंस, टेल्को, टिनप्लेट, बारीडीह और सिदगोड़ा समेत कई इलाकों में सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहीं। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शहर में अपराध और नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जबकि प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है। बंद को भाजपा के साथ-साथ जनता दल (यू), आजसू पार्टी और लोक जनशक्ति पार्टी समेत एनडीए के कई सहयोगी दलों का समर्थन मिला। विभिन्न क्षेत्रों में बंद समर्थक सड़कों पर उतरे और दुकानों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कराने का प्रयास किया।

पूरे शहर में हाई अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बंद को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। शहर को कई सेक्टरों में बांटकर निगरानी की गई। प्रशासन ने 49 संवेदनशील स्थानों पर 630 लाठी बल, 73 दंडाधिकारी और 20 पुलिस अधिकारियों की तैनाती की। सुबह से ही सुरक्षा बल अपने-अपने ड्यूटी पॉइंट पर मुस्तैद रहे। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई, जबकि धालभूम और घाटशिला अनुमंडल के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन

गोलमुरी क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। बंद समर्थकों ने आरोप लगाया कि शहर की कानून-व्यवस्था कमजोर हो गई है और अपराधियों में पुलिस का डर नहीं रह गया है। प्रदर्शनकारियों ने अपराध नियंत्रण, नशे के कारोबार पर रोक और बेहतर कानून-व्यवस्था की मांग उठाई। कई प्रमुख चौक-चौराहों पर धरना-प्रदर्शन भी किया गया।

परिवहन व्यवस्था पर सबसे ज्यादा असर

बंद का सबसे बड़ा असर सार्वजनिक परिवहन पर देखने को मिला। शहर की मिनी बस सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम वाहन नजर आए और केवल कुछ ऑटो ही संचालित होते दिखे। बाजार बंद रहने से खरीदारी के लिए निकले लोगों को भी निराश लौटना पड़ा। सुबह से ही अधिकांश कारोबारी गतिविधियां प्रभावित रहीं।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह में SIR ड्यूटी के दौरान महिला BLO से मारपीट का आरोप, मोबाइल छीनने की शिकायत

मोबाइल दस्ता और फायर ब्रिगेड भी अलर्ट पर

किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गोलमुरी पुलिस केंद्र से 10 विशेष मोबाइल दस्तों को तैनात किया गया। हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर से लैस ये टीमें पूरे शहर में लगातार गश्त करती रहीं। इसके अलावा गोलमुरी, मानगो, घाटशिला और बहरागोड़ा में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि बंद के दौरान हिंसा, तोड़फोड़ या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक शहर में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में रही।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment