मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

जयराम महतो के आरोपों पर पुलिस एसोसिएशन का पलटवार, 5 दिन में कार्रवाई का अल्टीमेटम

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : JLKM विधायक जयराम महतो और झारखंड पुलिस एसोसिएशन के बीच विवाद और बढ़ गया है। जयराम महतो के आरोपों के बाद पुलिस एसोसिएशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने विधायक के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बरवाअड्डा थाना मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पांच दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। राहुल मुर्मू के मुताबिक बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/2026, दिनांक 22 मई 2026 से जुड़े मामले में पुलिस एसोसिएशन ने धनबाद एसपी से पत्राचार किया है। उन्होंने कहा कि जयराम महतो समेत अन्य अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जरूरी प्रक्रिया पांच दिनों के भीतर पूरी नहीं हुई तो एसोसिएशन राज्यभर में आंदोलन करेगा। एसोसिएशन ने इस पत्र की प्रतियां राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और डीजीपी को भी भेजने की बात कही है।

निजता के अधिकार के दावे पर पुलिस एसोसिएशन का जवाब

जयराम महतो की ओर से मोबाइल बातचीत को निजी बताते हुए संविधान के अनुच्छेद 21 का हवाला दिए जाने पर राहुल मुर्मू ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 21 जीवन और गरिमा के अधिकार से जुड़ा है। उनका तर्क है कि अगर किसी थाना प्रभारी को फोन पर कथित तौर पर अपशब्द कहे गए और उन्होंने अपने बचाव के लिए बातचीत रिकॉर्ड की, तो इसे निजता के अधिकार का उल्लंघन कैसे माना जा सकता है।उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी की गरिमा प्रभावित होने के बाद रिकॉर्डिंग सामने आने पर केवल निजता के अधिकार की बात करना उचित नहीं है।

नस्लीय भेदभाव के आरोप को किया खारिज

पुलिस एसोसिएशन ने खुद पर नस्लीय भेदभाव और चुनिंदा पुलिसकर्मियों का पक्ष लेने के आरोपों को भी खारिज किया। राहुल मुर्मू ने हजारीबाग में पुलिसकर्मी और अधिवक्ता के बीच विवाद, महेश मुंडा से जुड़े मामले और बौखालो की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि एसोसिएशन ने अलग-अलग मामलों में पुलिसकर्मियों के हित में आवाज उठाई है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन ने ऐतिहासिक घटनाओं से जुड़े अपने पक्ष पर भी विचार किया है और 1855 के संथाल विद्रोह के संदर्भ में महेशलाल दत्त की भूमिका को लेकर पूर्व में माफी मांगी थी।

पूरे संदर्भ में बात करें

राहुल मुर्मू ने जयराम महतो पर मुद्दों को चुनिंदा तरीके से उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब विधायक अधिकारियों से फोन पर बातचीत करते हैं और उसके वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते हैं, तब निजता के अधिकार का सवाल क्यों नहीं उठाया जाता। उन्होंने जयराम महतो से किसी भी मामले में पूरे संदर्भ के साथ बात करने की अपील की। साथ ही ‘इमोशनल इंटेलिजेंस’ के नाम पर लोगों को प्रभावित करने की राजनीति बंद करने की बात कही।

यह भी पढ़ें : JDU विधायक अनंत सिंह बोले- छात्रों पर लाठीचार्ज गलत, निशांत बन सकते हैं अच्छे मुख्यमंत्री

बालू विवाद पर भी साधा निशाना

पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ने बालू विवाद को लेकर भी जयराम महतो पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के आदेशों के तहत बरसात के दौरान बालू खनन और नदी से जुड़े कार्यों पर प्रतिबंध की स्थिति रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी स्थिति में लोगों को कथित अवैध गतिविधियों के लिए उकसाना उचित नहीं है। राहुल मुर्मू ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी मुद्दे पर लोगों को भड़काने के बजाय तथ्यों के साथ बात होनी चाहिए। पुलिस एसोसिएशन ने जयराम महतो से आरोपों से बचने और पूरे मामले को सभी पहलुओं के साथ देखने की अपील की है। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते विवाद के बीच अब पुलिस की ओर से तय समय में कार्रवाई होती है या नहीं, इस पर नजर रहेगी।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment