Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित इरबा में ग्रामीण अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए। इस दौरान लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए खिजरी विधायक राजेश कच्छप का पुतला जलाकर नाराजगी जताई।
यह भी पढ़ें :देश के युवा सिस्टम से तंग आकर आत्महत्या कर रहे हैं: सोनाल शांति
वर्षों से लंबित है सड़क निर्माण की मांग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों के अनुसार इसी मार्ग से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का भी आना-जाना होता है, इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर जनप्रतिनिधियों की ओर से गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उनका कहना है कि कई बार आवेदन और शिकायतें देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कार्रवाई नहीं हो रही है, जबकि विभिन्न निजी कार्यक्रमों और उद्घाटन समारोहों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलती है। इससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि सड़क निर्माण को लेकर जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।






















