Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची के वीआईपी इलाकों में शामिल कांके रोड पर रविवार दोपहर अचानक भारी ट्रैफिक जाम लग गया। छुट्टी के दिन सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, जाम की मुख्य वजह इस्कॉन द्वारा निकाली गई भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा रही।
यह भी पढ़ें : हजारीबाग में 70 वर्षीय विधवा ने बहू पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, पुलिस से मांगी सुरक्षा
श्रद्धालुओं की भीड़ से धीमी हुई वाहनों की रफ्तार
जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांके रोड पहुंचे। रथ को खींचने और भगवान के दर्शन करने के लिए उमड़ी भीड़ के कारण सड़क पर यातायात की गति काफी धीमी हो गई। सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस रूट पर वाहनों को नियंत्रित गति से चलाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस लेन से रथ यात्रा गुजर रही थी, वहां वाहनों की कतार एक किलोमीटर से अधिक लंबी हो गई। जाम में फंसे लोगों में दोपहिया और चार पहिया वाहन चालक दोनों शामिल रहे। कई लोग जरूरी काम से घरों से निकले थे, जिन्हें ट्रैफिक जाम के कारण परेशानी झेलनी पड़ी।

ट्रैफिक पुलिस ने संभाली व्यवस्था
जाम की सूचना मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था को सामान्य करने में जुट गए। पुलिस की ओर से वाहनों को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया गया ताकि रथ यात्रा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ ट्रैफिक भी नियंत्रित किया जा सके।

Reporter | Samachar Post

