एशिया कप हॉकी : भारत ने फाइनल में कोरिया को 4-1 से हराया, वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई

Rupa Kumari | September 8, 2025 | 12:47 PM IST
  • राजगीर में खेला गया ऐतिहासिक फाइनल, चौथी बार एशिया कप चैंपियन बनी टीम इंडिया

Samachar Post डेस्क, रांची : राजगीर हॉकी एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने साउथ कोरिया को 4-1 से मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया। इसी जीत के साथ टीम इंडिया ने 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाले हॉकी विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।

पांच बार की चैंपियन कोरिया पर भारी पड़ा भारत

यह फाइनल मुकाबला बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला गया। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथी बार एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। खास बात यह रही कि इस जीत में भारत ने पांच बार की चैंपियन कोरिया को हराया, जिससे यह मुकाबला और भी ऐतिहासिक बन गया।

यह भी पढ़ें : झारखंड में मॉनसून फिर सक्रिय, 9 सितंबर तक येलो अलर्ट

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी बधाई

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारतीय टीम को ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, बिहार के राजगीर में आयोजित हीरो एशिया कप 2025 के फाइनल में कोरिया के खिलाफ मिली ऐतिहासिक जीत के लिए भारतीय टीम को हार्दिक शुभकामनाएं। यह उपलब्धि न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

सीएम ने यह भी कहा कि इस आयोजन ने बिहार को खेल जगत में नई पहचान दी है और आने वाले समय में राज्य की युवा प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा।

टूर्नामेंट का सफर

29 अगस्त से 7 सितंबर तक आयोजित हुए हीरो एशिया कप 2025 में भारत समेत कुल आठ शीर्ष टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और बांग्लादेश शामिल थे। फाइनल में भारत के दबदबे भरे खेल ने टूर्नामेंट को यादगार बना दिया।

Share this news

संबंधित खबरें