गुमला लापता बच्ची केस: मुख्य आरोपी का अगस्त में होगा नार्को टेस्ट, हाईकोर्ट ने सरकार से मांगी रिपोर्ट

Rupa Kumari | July 9, 2026 | 12:39 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : झारखंड हाईकोर्ट में वर्ष 2018 से लापता गुमला की छह वर्षीय बच्ची के मामले में गुरुवार को महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि मामले की मुख्य आरोपी सुखमनी उराइन का नार्को टेस्ट अगस्त 2026 में गुजरात के गांधीनगर स्थित डायरेक्टोरेट ऑफ फॉरेंसिक साइंस में कराया जाएगा।

3 से 11 अगस्त के बीच होगा नार्को टेस्ट

सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि सीजेएम गुमला की अदालत से अनुमति मिलने के बाद गुजरात के गांधीनगर स्थित फॉरेंसिक संस्थान से संपर्क किया गया था। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद 3 से 11 अगस्त 2026 के बीच नार्को टेस्ट की तिथि निर्धारित की गई है। टेस्ट कराने के लिए झारखंड पुलिस की टीम गुजरात जाएगी।

जांच अधिकारी से कोर्ट ने मांगा जवाब

सुनवाई के दौरान मामले के अनुसंधानकर्ता (आईओ) भी अदालत में उपस्थित हुए। हाईकोर्ट ने जांच अधिकारी से पूछा कि बच्ची की तलाश और मामले की जांच को आगे बढ़ाने के लिए अब तक क्या-क्या कदम उठाए गए हैं। अदालत ने जांच की प्रगति को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी।हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई के दौरान मुख्य आरोपी के नार्को टेस्ट की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही वर्ष 2018 से 2022 के बीच गुमला में पदस्थापित तत्कालीन पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और मामले के जांच अधिकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी है।

यह भी पढ़ें: विश्व जनसंख्या दिवस पर गिरिडीह में जागरूकता रैली, जनसंख्या स्थिरता का दिया संदेश

2018 से लापता है बच्ची

गौरतलब है कि गुमला जिले की छह वर्षीय बच्ची सितंबर 2018 से लापता है। बच्ची की बरामदगी की मांग को लेकर उसकी मां चंद्रमुनि उराइन ने झारखंड हाईकोर्ट में हेबियस कॉर्पस याचिका दायर की थी। इसी याचिका पर अदालत लगातार सुनवाई कर रही है। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त 2026 को निर्धारित की गई है। अब सभी की नजरें नार्को टेस्ट की रिपोर्ट और जांच से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों पर टिकी हैं, जिनसे मामले में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें