Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय हेमंत कुमार की मौत हो गई। घटना सियारी पंचायत के ओचो गांव के समीप आउटर रेलवे ट्रैक पर पोल संख्या 51/14 के पास हुई। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां रेलवे ट्रैक पर हेमंत कुमार का शव मिला। मृतक की पहचान पलारी गुरुडीह पंचायत के बाबू गली निवासी हेमंत कुमार के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय फलजीत राम के पुत्र थे।
सुबह टहलने निकले थे हेमंत कुमार
हेमंत कुमार की पत्नी सोनी देवी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब नौ बजे उनके बेटे विनीत कुमार ने पिता के मोबाइल पर फोन किया था। फोन किसी अन्य व्यक्ति ने उठाया और बताया कि मोबाइल के मालिक की रेलवे ट्रैक पर मौत हो गई है। परिजनों के मुताबिक, हेमंत कुमार रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। आशंका जताई जा रही है कि शौच के लिए रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलने पर गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, तेनुघाट भेज दिया। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला रेल हादसे का प्रतीत होता है। परिजनों के आवेदन के आधार पर यूडी केस दर्ज कर जांच की जा रही है। हेमंत कुमार की मौत से परिवार में मातम है। वह अपने पीछे पत्नी सोनी देवी, बेटे विनीत कुमार और एक बेटी सहित परिवार को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




















