मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

कोडरमा: मालगाड़ी के नीचे से रेंगकर पटरी पार करने को मजबूर हुए पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले के जयनगर प्रखंड स्थित रेभनाडीह गांव में रेलवे लाइन के कारण आवागमन की समस्या गंभीर बनी हुई है। गांव जाने के दौरान झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष और बरकट्ठा के पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया गया कि काफी देर इंतजार करने के बाद उन्हें लूप लाइन पर खड़ी मालगाड़ी के नीचे से रेंगकर रेलवे लाइन पार करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी केटीपीएस (बांझेडीह) के लिए कोयला लेकर जाने वाली थी। इस घटना ने रेलवे लाइन पार करने के लिए सुरक्षित रास्ते की कमी और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रेलवे की बाउंड्री वॉल से बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी

जानकी प्रसाद यादव ने कहा कि रेलवे लाइन के किनारे लगाई गई लोहे की चादरों की बाउंड्री वॉल के कारण लोगों की आवाजाही और मुश्किल हो गई है। कई जगहों पर रास्ता इतना संकरा है कि लोगों को झुककर निकलना पड़ता है। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, युवाओं और पशुओं की आवाजाही प्रभावित हो रही है। यादव के मुताबिक, हीरोडीह और रेभनाडीह के ग्रामीणों की खेती की जमीन रेलवे लाइन के दोनों ओर है। रेल लाइन के निर्माण के दौरान ग्रामीणों ने विकास की उम्मीद में जमीन दी थी, लेकिन अब यही लाइन गांव के दोनों हिस्सों के बीच आवागमन में बाधा बन रही है। ग्रामीणों को खेती-बारी, बाजार आने-जाने और रोजमर्रा के कामों के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।

दर्जनों गांवों के लोगों के लिए प्रमुख रास्ता

रेभनाडीह और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए कोडरमा जिला मुख्यालय और झुमरी तिलैया बाजार तक पहुंचने का यह प्रमुख मार्ग बताया जा रहा है। सुरक्षित वैकल्पिक रास्ते की कमी के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। जानकी प्रसाद यादव ने कहा कि धनबाद जंक्शन से गया जंक्शन के बीच रेल लाइन के दोहरीकरण के दौरान किया गया सर्वे स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप नहीं था। उन्होंने दावा किया कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

अंडरपास निर्माण की लंबे समय से मांग

जानकी प्रसाद यादव के अनुसार, हीरोडीह स्टेशन रोड के लिए जमीन उपलब्ध कराने और रेभनाडीह में रेलवे अंडरपास (RUB) बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। विधायक रहते हुए भी उन्होंने रेल मंत्री से मिलकर इस समस्या के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने कहा कि फुट ओवरब्रिज बन जाने के बावजूद ग्रामीणों की समस्या का पूरी तरह समाधान नहीं होगा। उनके मुताबिक, रेलवे अंडरपास बनने से लोगों को सुरक्षित आवागमन का रास्ता मिलेगा और रेलवे लाइन के दोनों ओर स्थित खेतों तक पहुंचना भी आसान होगा।

डीआरएम धनबाद से स्थल निरीक्षण कराने की मांग

पूर्व विधायक ने धनबाद रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल उच्चस्तरीय टीम गठित कर रेभनाडीह गांव का निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने रेलवे अंडरपास के निर्माण के लिए जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की। यादव ने कहा कि अंडरपास नहीं बनने तक क्षेत्र के हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। उन्होंने चेताया कि मालगाड़ी के नीचे से गुजरकर रेलवे लाइन पार करने जैसी मजबूरी किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment