Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : बोकारो जिले के कसमार प्रखंड की दांतू पंचायत अंतर्गत गट्टीगाढ़ा गांव में तालाब में डूबने से 70 वर्षीय महावीर महतो की मौत हो गई। पेशे से राजमिस्त्री महावीर शुक्रवार को दांतू गांव से लौट रहे थे। इसी दौरान वह रोज की तरह तालाब में नहाने गए, जहां गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें तैरना नहीं आता था। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन शुक्रवार को उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद शनिवार को भी तलाश अभियान जारी रखा गया।
तालाब का पानी कम करने के बाद मिला शव
महावीर महतो की तलाश में ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने काफी प्रयास किया। शनिवार को जेसीबी की मदद से तालाब के एक हिस्से को काटकर पानी निकालने की व्यवस्था की गई। पानी का स्तर कई फुट कम होने के बाद उनका शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर कसमार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुजुर्ग की मौत से गांव में शोक
महावीर महतो की मौत से गट्टीगाढ़ा गांव में शोक का माहौल है। दो दिन तक चली तलाश के बाद शव मिलने से परिवार और ग्रामीणों में दुख व्याप्त है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।




















