गढ़वा में मकई के खेत से युवक का शव बरामद, शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका

Rupa Kumari | August 29, 2026 | 10:24 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : जिले के कांडी थाना क्षेत्र के लमारी कला गांव स्थित चतरी टोला में मकई के खेत से 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भंगी रजवार के पुत्र अंकज कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कांडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

गुरुवार रात से लापता था युवक

परिजनों के अनुसार, अंकज कुमार गुरुवार रात करीब 8:30 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद शुक्रवार को परिजनों ने कांडी थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर युवक की तलाश शुरू की। लोकेशन घर के आसपास ही मिल रही थी, लेकिन मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा था।

घर से 100 मीटर दूर खेत में मिला शव

पुलिस और ग्रामीणों द्वारा आसपास तलाश के दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित मकई के खेत में युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं। इसके कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।

ग्रामीणों ने की खोजी कुत्ता बुलाने की मांग

घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने जांच के लिए खोजी कुत्ता बुलाने की मांग की। थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने बताया कि खोजी कुत्ते की व्यवस्था की गई है, लेकिन देर शाम तक वह घटनास्थल पर नहीं पहुंच सका था।

यह भी पढ़ें : झारखंड HC ने सहायक लोक अभियोजक परीक्षा रद्द करने के फैसले पर रोक से किया इनकार, सरकार से मांगा जवाब

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। स्थानीय स्तर पर प्रेम प्रसंग को लेकर भी चर्चाएं हैं, लेकिन इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों के आवेदन, तकनीकी साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें