Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद के दुहाटांड कुम्हारपट्टी की एक युवती ने अपने कथित प्रेमी और उसके परिवार पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक शारीरिक शोषण करने, लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेने तथा बाद में संबंध तोड़ने का आरोप लगाया है। युवती ने मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायत सौंपी है। बुधवार को गांधी सेवा सदन में आयोजित प्रेस वार्ता में पीड़िता खुशी कुमारी ने बताया कि झरिया के वेस्ट कोईरीबांध निवासी विकास साव के साथ उसका पिछले छह वर्षों से प्रेम संबंध था। उसके अनुसार, इस दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाया और पिता की बीमारी, वाहन मरम्मत समेत विभिन्न कारण बताकर उससे तथा उसके परिवार से लाखों रुपये के जेवर और नकदी प्राप्त की। युवती का दावा है कि कुल राशि और जेवरों का मूल्य लगभग 15 से 20 लाख रुपये है।
कोर्ट मैरिज नहीं होने के बाद मंदिर में शादी का दावा
पीड़िता के मुताबिक, 25 मई को दोनों की कोर्ट मैरिज तय थी और वे कोर्ट भी पहुंचे थे, लेकिन कथित रूप से विकास साव ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर नहीं किए और वहां से चला गया। इसके बाद 16 जून की रात वह युवती के घर पहुंचा और अगले दिन स्थानीय लोगों की मौजूदगी में गणेश मंदिर में विवाह होने का दावा किया गया। युवती का कहना है कि मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भरा गया और मंगलसूत्र पहनाया गया। साथ ही कुछ दिनों बाद उसे अपने घर ले जाने का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन इसके बाद आरोपी वापस नहीं आया।

यह भी पढ़ें : बोकारो में तेज रफ्तार हाइवा ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, तीन लोग घायल
पुलिस कार्रवाई नहीं होने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शिकायत लेकर जब वह धनसार थाना पहुंची तो उसकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उसका यह भी आरोप है कि मामला वापस लेने के लिए उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं। युवती ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

