Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र स्थित कल्याणपुर के पास एनएच-23 पर बुधवार शाम एक तेज रफ्तार हाइवा और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो सड़क पर लगभग 90 डिग्री घूम गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैनामोड़ की ओर से तेज गति से आ रही पीले रंग की हाइवा ने टर्निंग प्वाइंट के पास रांची से कतरास की ओर जा रही स्कॉर्पियो (JH 01 BN 5338) को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
चालक समेत तीन लोग घायल
हादसे में स्कॉर्पियो चालक मुन्ना कुमार, संजीत कुमार और वाहन की बीच वाली सीट पर सो रहे मनीष कुमार घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत जरीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार हाइवा और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें : फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर करता था वसूली, युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर यौन शोषण का आरोप; जामताड़ा में गिरफ्तार
बहन को लेने जा रहे थे कतरास
घायल संजीत कुमार ने बताया कि वे रांची के चिरौंजी क्षेत्र के निवासी हैं। उनकी बहन की शादी करीब एक माह पहले धनबाद जिले के कतरास में हुई थी। उसे वापस रांची लाने के लिए वे तीनों स्कॉर्पियो से कतरास जा रहे थे। इसी दौरान कल्याणपुर के पास यह दुर्घटना हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन रांची से बोकारो के लिए रवाना हो गए। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

