मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

धनबाद के बरवाअड्डा सब्जी मंडी में भीषण आग, एक दर्जन से ज्यादा दुकानें जलकर राख; असामाजिक तत्वों पर शक

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मंदाकिनी उच्च विद्यालय के पास स्थित सब्जी मंडी में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक दर्जन से ज्यादा सब्जी विक्रेताओं की झोपड़ियां और उनमें रखी हजारों रुपये की सब्जियां जलकर राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, शनिवार रात रोजाना की तरह सभी सब्जी विक्रेता अपनी दुकानें बंद कर घर लौट गए थे। इसके बाद मंडी में आग लग गई। झोपड़ियां सूखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय दुकानदारों ने असामाजिक तत्वों पर आग लगाने की आशंका जताई है।

खाली मैदान में असामाजिक तत्वों के जुटने का आरोप

पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि मंडी के पास स्थित खाली मैदान में रात के समय नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाओं के कारण उन्हें पहले भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। दुकानदारों ने इलाके में नियमित पुलिस गश्त नहीं होने का आरोप लगाते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि रात के समय निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

दमकल की टीम ने बुझाई आग

आग लगने की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझ जाने के कारण आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी इलाके को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, आसपास के इलाके में छानबीन कर आग लगने के कारण और घटना में किसी की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जिम्मेदार लोगों की पहचान होने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment