- अनशन के बीच छात्रों के समर्थन में पहुंचे JLKM नेता, डॉक्टरों ने जताई स्वास्थ्य को लेकर चिंता
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन के समर्थन में आमरण अनशन पर बैठे JLKM नेता देवेंद्रनाथ महतो सोमवार को एंबुलेंस से विधानसभा घेराव में शामिल होने के लिए रवाना हुए। धरना स्थल से निकलते समय उनके हाथ में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर थी। उनके साथ बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक भी मौजूद रहे। देवेंद्रनाथ महतो पिछले कई दिनों से छात्रों की मांगों के समर्थन में अनशन पर हैं। आंदोलन के दौरान उन्होंने कुछ दिनों तक जल का भी त्याग कर दिया था। बाद में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आग्रह पर उन्होंने जल ग्रहण करना शुरू किया। इसके बावजूद उन्होंने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।
डॉक्टरों ने स्वास्थ्य को लेकर दी चेतावनी
देवेंद्रनाथ महतो की नियमित स्वास्थ्य जांच कर रहे चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को लेकर चिंता जताई है। डॉक्टरों के अनुसार लंबे समय तक भोजन नहीं करने का असर शरीर के विभिन्न अंगों पर पड़ रहा है और यदि अनशन जारी रहा तो स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। हालांकि देवेंद्रनाथ महतो का कहना है कि छात्रों का समर्थन और उनकी मांगों के प्रति संघर्ष का संकल्प उन्हें ऊर्जा दे रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक छात्रों की मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक उनका समर्थन जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें : छात्र विधानसभा घेराव से पहले रांची हाई अलर्ट पर, 6 लेयर बैरिकेडिंग और 2 हजार जवान तैनात
छात्र आंदोलन को मिल रहा राजनीतिक समर्थन
JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर राज्य की राजनीति भी गर्म है। विधानसभा घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए हैं। इसी बीच JLKM के एकमात्र विधायक जयराम महतो का एक दिवसीय निर्जला उपवास समाप्त हो चुका है, जबकि देवेंद्रनाथ महतो अब भी आंदोलन के समर्थन में अनशन पर डटे हुए हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

