मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

साइबर ठगों का नया तरीका: अब दूल्हा-दुल्हन को बना रहे निशाना, शादी से पहले रिश्ते बिगाड़ने की साजिश

--Advertisment--

Samachar Post डेस्क, बिहार : साइबर अपराधी लगातार ठगी और ब्लैकमेलिंग के नए तरीके अपना रहे हैं। अब उनका निशाना शादी करने वाले युवक-युवतियां और उनके परिवार बन रहे हैं। साइबर अपराधी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल नंबरों के जरिए दूल्हा-दुल्हन के परिवारों को आपत्तिजनक व भ्रामक संदेश भेजकर रिश्तों में दरार डालने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बिहारशरीफ के साइबर थाना पहुंचा है। सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुआं गांव निवासी अनिल कुमार ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को बदनाम करने के उद्देश्य से साइबर अपराधियों ने उसके ससुराल पक्ष को लगातार भ्रामक और आपत्तिजनक संदेश भेजे हैं।

सगाई के बाद शुरू हुई परेशानियां

अनिल कुमार ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी की शादी औरंगाबाद में तय हुई है। 4 मई को रिंग सेरेमनी संपन्न हुई थी। इसके बाद 5 जून से अलग-अलग फर्जी अकाउंट के माध्यम से बेटी के होने वाले ससुराल वालों को लगातार गलत और भ्रामक संदेश भेजे जाने लगे। परिवार का आरोप है कि केवल बेटी ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार के बारे में भी झूठी बातें फैलाई जा रही हैं। इस घटना से परिवार मानसिक रूप से परेशान है। वहीं, युवती का कहना है कि उसकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। मामले को लेकर साइबर थाना में शिकायत दर्ज कर आरोपियों की पहचान और कार्रवाई की मांग की गई है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

साइबर पुलिस के अनुसार, यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले वर्ष कतरीसराय की एक युवती ने भी शिकायत दर्ज कराई थी कि शादी तय होने के बाद उसका एक सोशल मीडिया मित्र उसके होने वाले पति को उसके बारे में झूठी जानकारी देने लगा। विरोध करने पर उसने 40 हजार रुपये की मांग कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था। इसी तरह इस्लामपुर की एक युवती के मामले में उसकी शादी से जुड़ी तस्वीरों और वीडियो का दुरुपयोग कर फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया था। जांच में आरोपी युवती का दूर का रिश्तेदार निकला था।

यह भी पढ़ें: RJD के 30वें स्थापना दिवस पर लालू यादव का संदेश, बोले- हम लड़े हैं, आगे भी लड़ते रहेंगे

सोशल मीडिया से जुटाई जा रही निजी जानकारी

साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि अपराधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से लोगों की निजी जानकारी एकत्र कर उन्हें निशाना बनाते हैं। शादी, सगाई और पारिवारिक कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने पर अपराधियों को फर्जी प्रोफाइल बनाकर बदनाम करने, ब्लैकमेल करने और रिश्तों को प्रभावित करने का मौका मिल जाता है।

पुलिस की अपील

लगातार बढ़ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए साइबर थाना पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने में सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने और किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया गतिविधि की तुरंत सूचना साइबर थाने को देने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर शिकायत मिलने पर ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों तक पहुंचना आसान हो जाता है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment