नक्सल ऑपरेशन के बीच हादसा, आंधी में पेड़ गिरने से सीआरपीएफ जवान की मौत

Rupa Kumari | April 8, 2026 | 03:47 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा: चाईबासा जिले के सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक आए आंधी-तूफान में पेड़ गिरने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद सुरक्षा बलों में शोक का माहौल है।

सर्च ऑपरेशन के दौरान बिगड़ा मौसम

अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा बल सारंडा जंगल क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। मंगलवार देर रात अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवा के साथ आंधी-तूफान शुरू हो गया, जिससे अभियान में लगे जवानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें: तबादले के बाद प्रभार लेने जा रहे पंचायत सचिव की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

पेड़ गिरने से गंभीर रूप से घायल

बताया जा रहा है कि बाबू डेरा कैंप के पास तेज हवा के कारण एक बड़ा पेड़ गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से जवान राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने उन्हें बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने पर बुधवार तड़के हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया।

इलाज के दौरान हुई मौत

रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान का पार्थिव शरीर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव औरंगाबाद भेजा जा रहा है। सीआरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान जारी रहेगा। जवान लगातार जोखिम उठाकर ड्यूटी निभा रहे हैं। इस हादसे से परिवार और सुरक्षा बलों में गहरा शोक है।

Share this news

संबंधित खबरें