Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) के पास रविवार देर रात पोल पर लगे केबल में अचानक आग लग गई। केबल से तेज लपटें उठने के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
केबल में आग लगने से मची दहशत
जानकारी के अनुसार, आग लगने के कुछ ही देर में केबल से तेज लपटें निकलने लगीं। इससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए। घटना की जानकारी अग्निशमन विभाग को दी गई, जिसके बाद दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। अग्निशमन टीम ने मोर्चा संभालते हुए आग को बुझा दिया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
पास में घनी आबादी और अस्पताल का इलाका
घटना स्थल के आसपास घनी आबादी है और कई दुकानें भी मौजूद हैं। इसके अलावा बोकारो जनरल अस्पताल के पास बड़ी संख्या में एंबुलेंस खड़ी रहती हैं। ऐसे में आग फैलने की स्थिति में नुकसान बढ़ सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना भी नहीं है।





















