सावन की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, जलार्पण के लिए 5 किमी लंबी कतार

Meenu | August 3, 2026 | 11:04 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,देवघर : सावन की पहली सोमवारी पर विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए देशभर से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ आधी रात से ही मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं की कतार करीब 5 किलोमीटर तक पहुंच गई, जबकि पूरा देवघर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। जिला प्रशासन के अनुसार, पहली सोमवारी पर करीब 2.5 लाख श्रद्धालुओं के जलार्पण करने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : जमशेदपुर के बर्मामाइंस में ताबड़तोड़ फायरिंग, कई गोलियां लगने से आफताब गंभीर; बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर

108 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी कर बाबा के दरबार पहुंचे कांवरिये

सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल लेकर लगभग 108 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करने के बाद कांवरिये बाबा धाम पहुंचे। श्रद्धालु नंदन पहाड़, बरमसिया बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क, मानसरोवर क्यू कॉम्प्लेक्स और फुट ओवर ब्रिज होते हुए संस्कार भवन मार्ग से मंदिर तक पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गर्भगृह के बाहर अरघा की व्यवस्था की गई है। वहीं बुजुर्गों, दिव्यांगों और लंबी कतार में खड़े होने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए बाह्य अरघा की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

विशेष पूजा के बाद शुरू हुआ जलार्पण

सोमवार तड़के करीब 3 बजे मंदिर के पट खोले गए। कांचा जल पूजा और सरदार पंडा द्वारा पारंपरिक सरदारी पूजा संपन्न होने के बाद सुबह लगभग 4:15 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन और जलार्पण शुरू किया गया। पहली सोमवारी के अवसर पर बाबा मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया। पश्चिम बंगाल से मंगवाए गए गेंदा, गुलाब, नीली रोजमेरी सहित विभिन्न सुगंधित फूलों और बेलपत्र से मंदिर के शिखर, मुख्य द्वार और पूरे परिसर को आकर्षक स्वरूप दिया गया। सरदार पंडा ने बताया कि सावन की सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ को गंगाजल और बेलपत्र अर्पित करने से अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्य की प्राप्ति होती है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, शीघ्र दर्शनम कूपन अस्थायी रूप से बंद

श्रावणी मेले में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। रविवार और सोमवार के लिए शीघ्र दर्शनम कूपन की सुविधा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है, ताकि सभी श्रद्धालुओं का जलार्पण एक ही कतार के माध्यम से सुचारु रूप से कराया जा सके। मंदिर परिसर, प्रमुख मार्गों और पूरे मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी 24 घंटे निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्था में जुटे हुए हैं।

Share this news

संबंधित खबरें