मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

श्रावणी मेले ने पकड़ी रफ्तार, तीन दिनों में करीब 2 लाख कांवरियों ने बाबा बैद्यनाथ को चढ़ाया जल

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर,देवघर : विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। सावन के तीसरे दिन तक बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर करीब दो लाख कांवरियों ने जलार्पण किया है। पहले दिन 74,987 श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाया, जबकि दूसरे दिन यह संख्या बढ़कर 1,05,179 पहुंच गई। तीसरे दिन भी सुबह से ही बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और जलाभिषेक का सिलसिला लगातार जारी है।

यह भी पढ़ें : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन निजी दौरे पर बेंगलुरु रवाना, सोमवार को लौटेंगे रांची

‘बोल बम’ के जयघोष से शिवमय हुआ देवघर

श्रावणी मेले के दौरान कांवरिया पथ पूरी तरह केसरिया रंग में रंगा हुआ है। हर ओर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंज रहे हैं। गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्तों की लंबी कतारें सुबह से ही कई किलोमीटर तक फैली रहीं। कांवर में बंधे घुंघरुओं की मधुर ध्वनि और श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे देवघर को शिवमय बना दिया है। श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम

श्रावणी मेले के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर स्वयं सुबह से कांवरियों की कतारों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। मंदिर परिसर से लेकर कांवरिया पथ तक पुलिस बल, दंडाधिकारी और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए कूपन व्यवस्था लागू की गई है, जिसके माध्यम से भक्तों को व्यवस्थित तरीके से मंझला खंड तक पहुंचाया जा रहा है। इससे जलार्पण शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हो रहा है।

गुलाब जल के छिड़काव से मिली राहत

उमस भरी गर्मी को देखते हुए नगर निगम ने कांवरियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। कांवरिया पथ पर स्प्रिंकलर मशीनों से सुगंधित गुलाब जल का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत और ताजगी का एहसास हो रहा है। प्रशासन के अनुसार, दूसरे दिन कुल 1,05,179 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। इनमें मुख्य अरघा से 81,985, बाह्य अरघा से 19,472 और शीघ्रदर्शनम व्यवस्था के तहत 3,722 श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। सावन के तीसरे दिन सुबह 4:15 बजे बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण शुरू हो गया। इसके बाद से श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है और पूरे देवघर में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है।

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment