गिरिडीह में स्मार्ट मीटर अभियान तेज़, उपभोक्ताओं को मिल रही डिजिटल बिलिंग और प्रीपेड सुविधा

Rupa Kumari | November 10, 2025 | 12:54 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) द्वारा गिरिडीह क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। पुराने मीटरों को हटाकर डिजिटल स्मार्ट प्रीपेड मीटर स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को पारदर्शी और सटीक बिलिंग का लाभ मिल रहा है। विभाग की ओर से स्मार्ट मीटरिंग को लेकर बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। वार्डों, पंचायतों और बाजार क्षेत्रों में माइकिंग, पंपलेट वितरण, जागरूकता रथ और विशेष उपभोक्ता शिविरों के माध्यम से लोगों को स्मार्ट मीटर के लाभ बताए जा रहे हैं। शनिवार को कार्यपालक अभियंता मृणाल गौतम अपनी टीम के साथ गिरिडीह के सुखमणि अपार्टमेंट पहुंचे और निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कहा कि स्मार्ट मीटर से अनुमानित बिलिंग की समस्या समाप्त होगी। उपभोक्ता मोबाइल एप पर अपनी वास्तविक बिजली खपत देख सकेंगे और आवश्यकता अनुसार ऑनलाइन रिचार्ज भी कर पाएंगे।

यह भी पढ़ें: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव: मंगलवार को 300 बूथों पर मतदान, 2.56 लाख मतदाता लेंगे हिस्सा

उपभोक्ताओं के लिए बढ़ी सुविधाएं

बिजली विभाग के अनुसार, स्मार्ट मीटर बिजली चोरी में कमी लाने, बिलिंग सिस्टम को पारदर्शी बनाने और उपभोक्ताओं को अधिक सुविधाएं देने में अहम भूमिका निभाएंगे। आने वाले महीनों में पूरे गिरिडीह जिले को स्मार्ट मीटर से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उपभोक्ताओं ने भी नई व्यवस्था को सराहा है और कहा है कि गलत बिल आने की समस्या कम हुई है तथा बिजली उपयोग पर स्वयं निगरानी रखना आसान हुआ है।

ऊर्जा व्यवस्था में बड़ा बदलाव

गिरिडीह, राजधनवार, जमुआ, डुमरी और सरिया में जारी यह स्मार्ट मीटर अभियान झारखंड की ऊर्जा व्यवस्था को आधुनिक और डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें