Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार के रोहतास जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर ताराचंडी के पास देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार बाप-बेटे को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान ट्रेनी सिपाही जितेंद्र शर्मा और उनके 65 वर्षीय पिता गणेश शर्मा के रूप में हुई है।
ट्रेनिंग से छुट्टी लेकर घर लौटे थे सिपाही
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र शर्मा हाल ही में बिहार पुलिस में चयनित हुए थे और मुजफ्फरपुर में ट्रेनिंग कर रहे थे। वे नेपाल सीमावर्ती इलाके में ट्रेनिंग के बाद छुट्टी लेकर सोमवार को अपने पैतृक गांव मचखोरा मठिया (भानस ओपी क्षेत्र) पहुंचे थे। जितेंद्र अपने पिता गणेश शर्मा के बीमार रहने के कारण चिंतित थे। शाम को वे उन्हें डेहरी-ऑन-सोन के एक निजी क्लीनिक में इलाज कराने ले गए। इलाज के बाद दोनों देर रात बाइक से सासाराम लौट रहे थे, तभी यह भीषण हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें :18 नवंबर से 15 दिसंबर तक चलेगा ‘आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार’ कार्यक्रम
ट्रक ने रौंदा, मौके पर ही मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को रौंद दिया। चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन ट्रक बाइक समेत दोनों को घसीटते हुए सड़क किनारे ले गया। इस टक्कर में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घर में मचा कोहराम, ट्रक जब्त – चालक गिरफ्तार
हादसे की सूचना मिलते ही धौड़ाढ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रक को जप्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया गया है। परिजनों के बीच मातम पसरा हुआ है, हर कोई इस हादसे से गमगीन है।
जांच जारी, सहायता मिलेगी- एसपी
रोहतास एसपी रौशन कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, ट्रक की तकनीकी खराबी और चालक की लापरवाही की जांच की जा रही है। परिजनों को हर संभव सहायता दी जाएगी।
Reporter | Samachar Post