- डायन बिसाही के शक में 60 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या
Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा: झारखंड में एक बार फिर अंधविश्वास ने एक निर्दोष महिला की जान ले ली। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा प्रखंड के बालजुड़ी गांव में गांववालों ने डायन होने के शक में 60 वर्षीय जमुना पूर्ति की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को गोईलकेरा जाने वाली पुलिया के पास फेंक दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घर से बाहर बुलाकर दी गई मौत
पुलिस के अनुसार, मृतका जमुना पूर्ति अपने छोटे बेटे शिव कुमार पूर्ति, बहू सुखमती पूर्ति और बेटी सूर्यमणि कुंकल के साथ गांव में रहती थीं। बीते कुछ दिनों से गांव में उनके बारे में डायन बिसाही की अफवाहें फैल रही थीं। गुरुवार देर रात कुछ ग्रामीणों ने उन्हें घर से बाहर बुलाया और बेरहमी से हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें :सड़क हादसे में 4 साल की बच्ची की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क किया जाम
पुलिस ने शुरू की जांच, जल्द होगी गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही सोनुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने बताया प्रथम दृष्टया मामला अंधविश्वास से जुड़ा प्रतीत होता है। हत्या में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post